बाब-अल-मन्देब
बाब-अल-मन्देब[१] एक जलडमरूमध्य और महत्त्वपूर्ण वैश्विक समुद्री सङ्कीर्ण मार्ग है। यह अरब प्रायद्वीप पर स्थित यमन देश तथा अफ्रीकी सींग पर स्थित जिबूती देश और इरिट्रिया देश के बीच स्थित है। यह जलडमरूमध्य लाल सागर को अदन की खाड़ी और हिंद महासागर से जोड़ता है।
भौगोलिक अवस्थिति
इसकी चौड़ाई लगभग 26 किलोमीटर (14 नॉटिकल मील) है जो कि यमन के रास मेन्हेली से जिबूती के रास सियान तक फैली हुई है। पेरिम् का द्वीप इस जलडमरूमध्य को दो चैनलों में विभाजित करता है — पूर्वी चैनल और पश्चिमी चैनल। पूर्वी चैनल को बाब इस्कन्दर (सिकन्दर जलडमरूमध्य) के नाम से जाना जाता है जो कि 5.37 किलोमीटर (2.90 नॉटिकल मील) चौड़ा है तथा 29 मीटर (16 फैदम) गहरा है। पश्चिमी चैनल को dact-el-Mayun भी कहा जाता है। यह 20.3 किलोमीटर (11.0 नॉटिकल मील) चौड़ा है तथा 310 मीटर (170 फैदम) गहरा है।
जिबूती के तट के पास "सेवन् ब्रद्रर्स्" के नाम से जाने जाने वाले छोटे-छोटे द्वीपों का एक समूह स्थित है। पूर्वी चैनल में अन्दर की ओर एक सतही धारा है, लेकिन पश्चिमी चैनल में बाहर की ओर एक शक्तिशाली अधोधारा है। पेरिम् द्वीप (यमन) और बिग् आइलैण्ड् (Kaḏḏa Dâbali) के बीच की चौड़ाई केवल 17 किलोमीटर (9.2 नॉटिकल मील) है।