कॅरीबियाई सागर


कॅरीबियाई सागर (अंग्रेज़ी: Caribbean Sea) अंध महासागर के मध्य-पश्चिमी भाग से जुड़ा हुआ एक समुद्र है। यह उष्ण कटिबंधीय क्षेत्र में पश्चिमी गोलार्ध में आता है। इसके पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में मेक्सिको और मध्य अमेरिका हैं, उत्तर में बड़े ऐंटिलीस के द्वीप हैं और पूर्व में छोटे ऐंटिलीस के द्वीप हैं।[१] इस सागर का कुल क्षेत्रफल २७,५४,००० वर्ग किमी है।[२] इसका सबसे गहरा बिंदु केमन खाई (Cayman Trough) में पड़ता है और सतह से ७,६८६ मीटर नीचे है।
भूगोल[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
प्लेट विवर्तनिकी के हिसाब से कॅरीबियाई सागर कैरीबियाई तख़्ते पर स्थित है। इसमें पाँच गहरी द्रोणियाँ हैं जो एक दुसरे से जल के भीतर चल रही पहाड़ी शृंखलाओं से एक-दूसरे से बंटी हुई हैं। हालाँकि इसकी सब से गहरी खाई (केमन खाई) ७,६८६ मीटर नीचे जाती है, फिर भी औसत रूप से यह समुद्र अन्य समुद्रों के मुकाबले में कम गहराई रखता है। इसमें कुछ स्थान ऐसे हैं जहाँ दो भौगोलिक तख़्ते मिलते हैं, जैसे की पुएर्तो रीको खाई जहाँ उत्तर अमेरिकी तख़्ता और कैरिबियाई तख़्ता मिलते हैं। इन इलाक़ों में भूकंप और सूनामी आने का ख़तरा हमेशा बना रहता है। पिछले ५०० सालों के ऐतिहासिक सुराग़ों के अनुसार इस क्षेत्र में ७.५ मैग्नीट्यूड से अधिक के १२ ज़लज़ले आ चुके हैं।[३] १२ जनवरी २०१० को इसी क्षेत्र में स्थित हाइती का देश एक ७.१ मैग्नीट्यूड के भूकंप का शिकार रहा जिसमें २ लाख से ज़्यादा लोग मारे गए।
इतिहास[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
कॅरीबियाई सागर का नाम यहाँ रहने वाली कैरिब नाम की प्राचीन आदिवासी जनजाति पर पड़ा था। सन् १४९२ में यूरोप से भारत का पश्चिमी मार्ग ढूंढता हुआ क्रिस्टोफ़र कोलम्बस इसी सागर में पहुँचा था। इसके बाद यहाँ पुर्तगाल, स्पेन, ब्रिटेन, फ़्रांस और नीदरलैण्ड जैसी यूरोपियाई ताक़तों ने अपने उपनिवेश (कॉलोनियाँ) बना लिए। कैरिबियाई सागर पर समुद्री व्यापार बढ़ा और उसके साथ यहाँ जल-दस्युओं (पाइरेटों) का भी प्रकोप हो गया जो जहाज़ों को लूटकर यहाँ के अनगिनत छोटे-छोटे द्वीपों में अपने अड्डों में छुप जाया करते थे।
आधुनिक युग में यहाँ २२ द्वीप क्षेत्र (राष्ट्र और राज्य) हैं और इस समुद्र पर उत्तर और मध्य अमेरिका के १२ अन्य राष्ट्रों के तट पड़ते हैं। सुहावना मौसम, साल-भर की धूंप, गरम पानी और भिन्न वातावरणों और संस्कृतियों के द्वीपों की वजह से यह एक लोकप्रिय पर्यटन का केंद्र बन गया है।
दृश्य[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
इन्हें भी देखें[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
सन्दर्भ[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
- ↑ The Caribbean Sea Archived 8 जुलाई 2008 at Web Archive World Wildlife Fund. Website last accessed 5 दिसम्बर 2008
- ↑ The Caribbean Sea Archived 4 जनवरी 2018 at Web Archive All The Sea. URL last accessed May 7, 2006
- ↑ Dawicki, Shelley"Tsunamis in the Caribbean? It's Possible.".Oceanus.[१]Retrieved 17 अगस्त 2011.


