गिटार
गिटार एक प्रसिद्ध तार वाद्य यंत्र है, जिसमें सामान्यतः छह तार होते हैं। इसे उंगलियों या मिजराब (पिक) की सहायता से बजाया जाता है। गिटार का प्रयोग शास्त्रीय संगीत से लेकर आधुनिक संगीत तक विश्व भर में व्यापक रूप से किया जाता है।[१]
इतिहास[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
गिटार का इतिहास बहुत पुराना है। माना जाता है कि 16वीं शताब्दी में लोग गिटार से परिचित हुए। इसका आकार-प्रकार स्पेन में बजाए जाने वाले वाद्य यंत्र 'व्हिएला' से काफी मिलता-जुलता है। यह चार तारों वाले प्राचीन यंत्र 'गिटेरा लेटिना' का ही विकसित रूप है।[१] समय के साथ इसके स्वरूप में काफी परिवर्तन हुआ। 14वीं शताब्दी तक इसमें इकहरे तार लगाए जाने लगे।[१] पहले इसका आकार वायलिन जैसा था, बाद में इसे चपटा कर दिया गया। 15वीं शताब्दी में इसे आकार में चौड़ा और भार में हल्का बनाया गया।[१] गिटार के आज के स्वरूप का श्रेय काफी हद तक 'एंटोनियो टोरेस' को जाता है।[१]
प्रकार[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
गिटार को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में बांटा जा सकता है: ध्वनिक (Acoustic) और इलेक्ट्रिक।[२] ध्वनिक गिटार में शास्त्रीय गिटार (नायलॉन तार), स्टील-स्ट्रिंग गिटार और आर्चटॉप गिटार शामिल हैं।[२] इलेक्ट्रिक गिटार का आविष्कार 1930 के दशक में हुआ, जिसमें ध्वनि को विद्युत संकेत में बदलकर एम्प्लीफायर के माध्यम से बढ़ाया जाता है।[२]
संरचना[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
गिटार के मुख्य भागों में शामिल हैं:
- नट (Pegs): यह हड्डी, प्लास्टिक, ग्रेफाइट या धातु का बना होता है, जिसमें सभी तार गुजरते हैं।[२]
- फ्रैट बोर्ड (Fret Board): इसे फिंगर बोर्ड भी कहा जाता है, जो आमतौर पर रोज़वुड, मेपल या आबनूस की लकड़ी का बना होता है।[२]
- फ्रेट्स (Frets): ये धातु की पट्टियां होती हैं, जो निकल मिश्र धातु या स्टेनलेस स्टील से बनी होती हैं।[२]
- बॉडी (Body): गिटार का समतल ढांचा, जिसमें ऊपरी भाग (Upper bout), निचला भाग (Lower bout) और कमर (Waist) होती है।[२]
- गर्दन (Neck): हेडस्टॉक से लेकर बॉडी तक का भाग, जहां फ्रैट बोर्ड मौजूद रहता है।[२]
- तार (Strings): गिटार में चार से बारह तारें तक हो सकती हैं; आधुनिक गिटार में सामान्यतः छह तारें होती हैं।[२]
- ब्रिज (Bridge): इसका कार्य तारों के कंपन को ध्वनि बॉक्स में स्थानांतरित करना है।[२]
वादन तकनीक[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
गिटार बजाने के लिए दाएं हाथ को पिक या ध्वनि छिद्र के पास रखा जाता है। शुरुआत में पिक के साथ तार को झंकृत किया जाता है। पिक को तर्जनी और अंगूठे के बीच पकड़ा जाता है।[२] गिटार बजाने की कई तकनीकें हैं, जिनमें स्ट्रमिंग (Strumming), फिंगरस्टाइल (Fingerstyle), प्लेक्ट्रम (Plectrum) आदि प्रमुख हैं।[२]
भारतीय संगीत में गिटार[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
भारतीय संगीतकारों ने गिटार को अपने-अपने ढंग से अपनाया है। पाश्चात्य गिटार के 'हवाईन' और 'स्पैनिश' नामक दो अलग प्रकार होते हैं। स्पैनिश गिटार का प्रयोग रिदम और कॉर्ड बजाने के लिए होता है, जबकि हवाईन गिटार में सुरों और गीतों का वादन होता है।[३] भारतीय संगीतकारों ने हवाईन गिटार में तरब और चिकारी के तारों तथा तुम्बा को जोड़कर इसे पूरी तरह भारतीय बना दिया है।[३] इस क्षेत्र में पं. बृजभूषण काबरा, पं. विश्व मोहन भट्ट और स्व. नलिन मजूमदार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।[३] पं. विश्व मोहन भट्ट ने इसे 'मोहन वीणा' और 'विश्व वीणा' के नाम से प्रचलित किया।[३] वर्तमान में गिटार को कई विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जा रहा है।[३]