बहराइच
बहराइच उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल में स्थित एक जिला एवं नगर है।[१] जिले की नानपारा तहसील में इमामगंज कस्बा स्थित है। यह नगर घाघरा नदी (सरयू) के तट पर बसा है तथा जिले का प्रशासनिक मुख्यालय है।[२] जिले की उत्तरी सीमा नेपाल से लगती है और यहाँ कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य स्थित है, जो दुधवा टाइगर रिजर्व का महत्वपूर्ण भाग है।[३]
इतिहास[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बहराइच क्षेत्र ब्रह्मा की राजधानी तथा गंधर्व वन का हिस्सा था। मध्ययुग में यह भर राजवंश की राजधानी था, जिसके कारण इसका नाम पहले "भारिच" और बाद में "बहराइच" पड़ा।[२] १८५७ का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी बहराइच में ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष हुआ था।[२] वर्ष २०२४ में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की मृत्यु हुई थी, जिस पर न्यायालय ने दोषियों को दंडित किया।[४]
भूगोल[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
बहराइच जिला घाघरा नदी के उपजाऊ मैदानी भाग में स्थित है।[२] जिले के उत्तर-पूर्वी भाग में घने वन तथा तराई क्षेत्र हैं। यहाँ का कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य लगभग ४०० वर्ग किलोमीटर में फैला है और घड़ियाल, गंगा डॉल्फिन, बाघ तथा अनेक पक्षी प्रजातियों का आवास है।[३]
जनसांख्यिकी[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
२०११ की जनगणना के अनुसार बहराइच जिले की कुल जनसंख्या ३४,८७,७३१ थी, जिसमें १८,४३,८८४ पुरुष और १६,४३,८४७ महिलाएँ थीं।[५] जिले का लिंगानुपात प्रति १००० पुरुषों पर ८९२ महिलाएँ था।[५] जिले की औसत साक्षरता दर ४९.३६ प्रतिशत थी, जिसमें पुरुष साक्षरता ५८.३४ प्रतिशत और महिला साक्षरता ३९.१८ प्रतिशत थी।[५] बहराइच नगर पालिका परिषद क्षेत्र की जनसंख्या २०११ में १,८६,२२३ थी।[५]
प्रशासन[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
बहराइच जिले को ६ तहसीलों—पयागपुर, नानपारा, मोतीपुर (मिहींपुरवा), महसी, कैसरगंज और बहराइच—तथा १४ विकास खंडों में विभाजित किया गया है।[६] जिले में २२ पुलिस स्टेशन हैं।[६] नगर प्रशासन के लिए नगर पालिका परिषद, बहराइच कार्यरत है, जिसकी स्थापना वर्ष १८८४ में हुई थी।[७] बहराइच लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाँच विधानसभा सीटें—बलहा, नानपारा, महसी, बहराइच सदर और मटेरा—आती हैं।[८]
पर्यटन[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य है, जहाँ पर्यटक जंगल सफारी और नौका विहार का आनंद ले सकते हैं।[३] इसके अतिरिक्त घाघरा नदी पर स्थित चहलारी घाट तथा अन्य प्राकृतिक स्थल भी दर्शनीय हैं।[९]
सन्दर्भ[सम्पादित करें | स्रोत सम्पादित करें]
- ↑ "जिला प्रशासन". जिला प्रशासन, बहराइच. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ २.० २.१ २.२ २.३ "इतिहास". जिला प्रशासन, बहराइच. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ ३.० ३.१ ३.२ "कतर्निया घाट वन्यजीव अभयारण्य". पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ (2025-12-11). "Shooter gets death sentence, life term for 9 others over Bahraich violence". India Today. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ ५.० ५.१ ५.२ ५.३ "Bahraich District - Population 2011-2026". Census2011.co.in. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ ६.० ६.१ "प्रशासनिक सेटअप". जिला प्रशासन, बहराइच. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ "नगर पालिका परिषद, बहराइच". नगर पालिका परिषद, बहराइच. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ (2024-03-26). "Bahraich Lok Sabha Seat: बहराइच सीट पर कांटेदार जंग की आस, क्या BJP के खाते में आएगी हैट्रिक". TV9 Hindi. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।
- ↑ (2025-09-17). "बहराइच - सीतापुर को जोड़ने वाला चहलारी घाट पुल बना सेल्फी केन्द्र". PHM News. 2026-10-27 को अभिगमन किया गया।